Monday, September 22

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर सेवादल को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर मजबूत किया जाएगा।

एक दशक से अधिक समय से देश की सत्ता से बाहर कांग्रेस पार्टी अब अपने अग्रिम संगठन सेवादल को सक्रिय करने में जुट गई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तर्ज पर सेवादल को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर मजबूत किया जाएगा। वे सभी कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे जो पहले सेवादल की ओर से जिले से लेकर गांवों तक आयोजित किए जाते थे। यह रणनीति सेवादल की राष्ट्रीय कार्य समिति की जयपुर के पास बाड़ा पदमपुरा में हुई तीन दिवसीय बैठक में तय की गई है।
कांग्रेस सेवादल की राष्ट्रीय कार्यसमिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई की अध्यक्षता में तय किया गया है कि सेवादल के पदाधिकारी जिला, तहसील, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक आयोजन करेंगे। पदाधिकारियों को कहा गया है कि जहां भी अराजकता का माहौल हो, भ्रष्टाचार हो, किसान और मजदूर की बात करनी हो तो किसी निर्देश की जरूरत नहीं है। सेवादल की ओर से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व निर्माण के बारे में बताने के साथ ही जगह-जगह तिरंगा फहराने के साथ ही राष्ट्रगान का महत्व बताया जाएगा। हर माह जिला, ब्लॉक, तहसील और ग्राम इकाई सार्वजनिक स्थलों पर ध्वज वंदन के साथ तिरंगा फहराएंगी। बाल सेवादल इकाई और ग्राम तरुण इकाई फिर शुरू होगी।