इंदौर. हॉस्पिटल से रविवार को सवा महीने में दूसरी बार बच्चा चोरी हो गया। घटना वैसी ही जैसे 25 फरवरी को हुई थी। बच्चा चुराने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
-रविवार दोपहर 2 बजे एमवाय हाॅस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर के बाहर सुसनेर (शाजापुर) से आई ममता तीन महीने के बेटे और परिजन के साथ बैठी थी। उसके पति कमल सिंह यहां भर्ती हैं।
-इसी दौरान 12 साल की एक लड़की के साथ दो महिलाएं आईं और ममता से बातचीत शुरू की। ममता ने आरोपी महिलाओं को बताया कि पति को खून की जरूरत है तो महिलाओं ने मदद करने का कहा।
-आरोपियों में से एक लचककर चलने वाली महिला शाम 5 बजे ममता के साथ आई तीन महिलाओं व भानजे को चाय पिलाने ले गई। तभी दूसरी महिला (हरी साड़ी में) ने ममता से कहा- तुम भी चाय पीओ, मैं बच्चे को संभालती हूं।
-ममता बच्चे को उसके हवाले कर लड़की के साथ चाय पीने चली गई। कुछ ही देर में हरी साड़ी वाली महिला बच्चे को लेकर निकल गई।
-दूसरी तरफ ममता व दूसरी महिलाओं के साथ गई महिला और बच्ची भी गायब हो गई।
-ममता ट्रॉमा सेंटर पहुंची तब उसे महिला नहीं मिली। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
-सीसीटीवी फुटेज देखे तो आरोपी महिला बच्चे को चुराते हुए नजर आई।
चार दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था
-संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक कमल का चार दिन पहले एक्सीडेंट हो गया था। उसे इलाज के लिए यहां लाया गया था।
-पत्नी ममता, तीन महीने का बेटा विवेक, परिवार की तीन महिलाएं और भानजा साथ अाए थे।
-पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी सूचना देने वाले को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
अब आईडी कार्ड अनिवार्य कर दिया है। अस्पताल से कोई भी बच्चे को लेकर निकलेगा तो उससे आईडी कार्ड लिया जाएगा।
-एमवायएच में 25 फरवरी को रतलाम के गांव रावटी से आई संगीता का नवजात दो महिलाएं चुरा ले गई थीं।
-खुद को बच्चे की नानी बताते हुए एक बुजुर्ग महिला नर्स से बच्चा ले गई। एक आरोपी महिला ने खुद को बच्चे की नानी बताया था।
– उसके साथ एक अन्य महिला भी थी, जिसने खुद को प्रसूता की बहन बताया था। इसके बाद दोनों नवजात बच्चे को लेकर गायब हो गई थी।
-सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाएं बच्चा ले जाते हुए दिखी थीं। बाद में पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाली शिक्षिका को गिरफ्तार किया था।