गंजबासौदा| पल्स पोलियो अभियान का द्वितीय चरण 21 फरवरी से शुरू किया जाएगा। इसके चलते शासकीय जन चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी शिशु रोग विशेषज्ञ डा. महेन्द्र बाजोरिया ने कहा कि प्रथम दिन बूथ बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को दवा पिलाई जाना चाहिए। साथ ही सर्वे कार्य के दौरान पोलियो बूथ दल सदस्यों को मकान चिन्हित करते समय किन- किन बातों का ख्याल रखना है बताया गया ताकि कोई त्रुटि न हो। अभियान के तहत प्रथम दिन बूथ बनाकर, द्वितीय और तृतीय दिन घर-घर जाकर दल सदस्यों द्वारा दवा पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए शासकीय अशासकीय विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित अन्य स्थानों पर बूथ बनाए जाएंगे। साथ ही मुख्य मार्गों ,रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित भीड़भाड वाले क्षेत्र में ट्रांजिट पाइंट बनाए जाएंगे।