गंजबासौदा ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी हैंडपंप बंद हैं, उन्हें ठीक करने का ठेका पीएचई ने सिरोंज के ठेकेदार अवतारसिंह रघुवंशी को दिया है। पीएचई के पास कर्मचारी न होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर हैंडपंप ठीक नहीं हो पा रहे थे। पीएचई के एसडीओ गौरव सिंघई के अनुसार अनुबंधित ठेकेदार तीन साल तक प्रशिक्षित और मैकेनिकों के माध्यम से हैंडपंप ठीक कराएंगे। पर्याप्त बारिश न होने के कारण फसलों की लगातार हो रही सिंचाई के कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है। इससे गांव-गांव हैंड पंप बंद हो रहे हैं। ग्रामीण पेयजल को लेकर परेशान हैं। गांव घटेरा में 12 हैंडपंप हैं। इनमें से 10 बंद हैं। ऐसी ही हालत कई गांवों में चल रही है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा का कहना है कि क्या ब्लाक में प्रशिक्षित हैंडपंप सुधारने वाले नहीं हैं। आठ साल पहले शिविर लगाकर हर ग्राम पंचायत में हैंडपंप ठीक करने का प्रशिक्षण दिया था।