
भोपाल। कड़ाके की ठंड और जबर्दस्त कोहरे का इंतजार कर रहे लोगों को अब जाकर कुछ राहत मिली है। शनिवार सुबह से राजधानी में जबर्दस्त कोहरा छाया रहा। भोपाल के आसपास घने कोहरे से विजिबिलिटी जीरो हो गई। इस सीजन मेें पहली बार इतना घना कोहरा छाया है। जानिए, क्यों बदला मौसम…
तीन तरफ से आ रही हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से हल्की नमी लिए हवाएं आ रही हैं। वहीं उत्तरी हवाएं भी फिर से शुरू हो गई हैं। इन तीनों दिशाओं से आने वाली हवाएं होशंगाबाद-छिंदवाड़ा के आसपास मिल रही है। इसी वजह से बादल बनना शुरू हो गए हैं और कोहरा छाने लगा है। अगले एक-दो दिन में हल्की बारिश भी होगी। पूर्वी मप्र में ज्यादा बारिश की संभावना है। बदला हुआ मौसम किसानों के लिए भी खुशखबरी लाया है। मावठा गिरता है तो सूखे से प्रभावित क्षेत्रों को काफी राहत मिलेगी।
क्यों छाया कोहरा?
मौसम विभाग के मुताबिक कोहरा दरअसल ग्राउंड लेवल बादलों को कहा जाता है। उत्तर से ठंडी हवाएं आई और यहां उसे नमी मिल गई। नमी की वजह से बादल नीचे आ गए। नमी ज्यादा होने की वजह से कोहरा घना है।
तापमान ज्यादा गिरा नहीं, फिर भी ठंड का अहसास
पिछले कुछ दिनों ठंड गायब थी। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास बना हुआ था। शनिवार को कोहरा तो छाया लेकिन पारा ज्यादा नहीं गिरा। शनिवार को रात का पारा 2 डिग्री गिर कर 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश के बाद गिरेगा पारा, लेकिन कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी
माैसम विभाग के मुताबिक एक-दो दिन बारिश के बाद रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी, लेकिन तापमान बहुत ज्यादा गिरने के आसार नहीं है। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास ही रहेगा, इसलिए कड़ाके की ठंड की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए।
