देवास में शुक्रवार रात पुराने विवाद में एक युवक पर तलवार से हुए हमले के बाद तनाव फैल गया।
देवास/इंदौर. देवास में शुक्रवार रात पुराने विवाद में एक युवक पर तलवार से हुए हमले के बाद तनाव फैल गया। इस दौरान दो पक्षों की ओर से पथराव हुआ, पेट्रोल बम फेंके गए और गाड़ियां भी तोड़े जाने की खबर है। 35 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कैसे विवाद के बाद फैल गया तनाव…
– पुलिस के मुताबिक, शुक्रवारिया हाट में तीन-चार लोगों ने कालूराम नामक युवक को घेर कर तलवार से उस पर हमला कर दिया।
– इससे हाट में भगदड़ मच गई। इसी बीच मालीपुरा और खारीबावड़ी के बीच वाले इलाके में पथराव हो गया।
– पेट्रोल बम फेंके गए। गाड़ियां तोड़ दी गईं। इसमें छह लोग जख्मी हुए हैं। तीन को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया।
35 लोगों को लिया हिरासत में
– दोनों पक्ष सड़क पर आमने-सामने हुए ही थे कि पुलिसबल ने उन्हें खदेड़ा।
– देर रात तक खारीबावड़ी, मालीपुरा, मोमनटोला आदि इलाकों में सर्चिंग चलती रही।
– रात 11 बजे भेरूगढ़ में भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को भगाया।
– तनाव बढ़ने पर कलेक्टर आशुतोष अवस्थी और एसपी शशिकांत शुक्ला ने मोर्चा संभाला।
– पांच युवकों सहित 35 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। यहां एहतियातन धारा 144 लगा दी गई है।
पेट्रोल बम बरामद
तनाव के बाद हिंसा की अफवाह फैल गई। इस दौरान एक धर्मस्थल के ऊपरी हिस्से से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। पुलिस ने धर्मस्थल की सर्चिंग कर पांच लोगों को हिरासत में लिया और ईंट- पत्थर और आठ जिंदा पेट्रोल बम जब्त किए। कोतवाली, सिविल लाइन्स टीआई फोर्स सहित यहां पहुंचे। हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने मामले को कंट्रोल किया।
Betwaanchal news