Wednesday, September 24

शिक्षक दिवस से पहले राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ही छात्रों से संवाद करेंगे

13

 

शिक्षक दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को पहली बार देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री दोनों ही छात्रों से संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह 10.12 से छात्रों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं, राष्ट्रपति 11.55 से बकायदा छात्रों की एक घंटे की क्लास लेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी करेंगी जबकि राष्ट्रपति के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को दूरदर्शन के सभी चैनलों पर और राष्ट्रपति को डीडी न्यूज पर देखा जा सकेगा।

 

शुक्रवार को प्रधानमंत्री मानेकशॉ सेंटर में सुबह 10 बजे पहुंचेंगे। यहां 10.12 मिनट पर बच्चों के साथ संवाद शुरू करेंगे। यह कार्यक्रम लगभग एक घंटे चलेगा। इस दौरान वे वहां मौजूद छात्रों के अलावा वीडियो कांफ्रेंस के जरिये देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद छात्रों के सवाल भी लेंगे। इस मौके पर ईरानी के साथ ही मानव संसाधन विकास मंत्रालय के दोनों राज्य मंत्री और वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सभी स्कूलों को अपने यहां इसे दिखाए जाने का इंतजाम करने को कहा है। यह कार्यक्रम दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनलों के साथ ही अन्य चैनलों पर भी उपलब्ध होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री की वेबसाइट पर इसके वेबकास्ट का इंतजाम भी किया गया है।