
बॉलीवुड से बड़ी खबर आ रही है। दिग्गज कलाकार मनोज कुमार अब इस दुनिया में नहीं रहें। उन्होंने 87 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है। मनोज कुमार को देशभक्ति फिल्मों और ‘भारत कुमार’ के नाम से खास पहचान मिली थी। उनके फैंस उन्हें ‘भारत कुमार’ के नाम से पहचानते थे। मनोज कुमार ने अपने फिल्मी करियर में ‘क्रांति’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘वो कौन थी’ और ‘उपकार’ जैसी बेहतरीन फिल्में की थीं। उनके निधन पर फैंस भी दिग्गज अभिनेता को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। उनके जाने से पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
मनोज कुमार हिंदी सिनेमा के एक ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने इस चकाचौंध भरी दुनिया में कदम रखने के साथ ही अपना नाम बदला लिया था। उनके नए नाम से आज तक फैंस उन्हें जानते हैं। जी हां! बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार का असली नाम हरिकिशन गिरि गोस्वामी था। उनके फैंस उन्हें या तो ‘भारत कुमार’ या ‘मनोज कुमार’ के नाम से ही जानते थे और प्यार करते थे।
बता दें, मनोज कुमार का जन्म 24 जुलाई 1937 को का ऐबटाबाद में हुआ, जो बंटवारे के बाद पाकिस्तान का हिस्सा बन गया था। मनोज कुमार के माता-पिता ने उस समय भारत को चुना और दिल्ली आ गए। मनोज कुमार को बचपन से ही उन्हें एक्टिंग का काफी शौक था। वह अशोक कुमार, दिलीप कुमार और कामिनी कौशल के बहुत बड़े फैन थे। उनकी हर फिल्म देखना वह काफी पसंद करते थे और उनकी फिल्मों से प्रभावित होकर ही उन्होंने अपना नाम हरिकिशन से बदलकर मनोज कुमार कर लिया था। वह हर जगह अपना नाम मनोज कुमार ही बताते थे, जिससे धीरे-धीरे सब उन्हें मनोज कुमार के नाम से ही जानने लगे।