
छत्तीसगढ़ के रायपुर में छत्तीसगढ़ की शहरी सरकार के लिए शनिवार को दिन सबसे खास होगा। इस दिन प्रदेश के 173 नगरीय निकायों में हुए चुनाव के परिणाम आएंगे। इसमें 10 नगर निगम निगम के महापौर और नगर पालिका व नगर पंचायत के लिए 163 पदों के साथ-साथ 3201 वार्ड पार्षदों का भी फैसला होगा।
इस चुनाव में कुल 10 हजार 422 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतगणना प्रदेश के सभी 33 जिलों में सुबह 9 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाकमत पत्रों की गणना होगी। इसके बाद सुबह 9.30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। इस बार सबसे पहले महापौर और अध्यक्षों के मतों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले चिरमिरी के नतीजे घोषित होने के आसार हैं। यहां मतदाताओं की संख्या कम है। महापौर व अध्यक्ष के बाद पार्षद प्रत्याशियों के मतों की गणना की जाएगी। इसके परिणाम देर रात तक जारी होंगे। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में 70-70 वार्ड हैं। यहां नतीजे रात तक आने की उम्मीद है।