
नईदिल्ली | दिल्ली का शाहीन बाग आखिरकार खाली करवा लिया गया। 15 दिसंबर 2019 से यहां नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। मंगलवार सुबह यहां पुलिस पहुंची और टेंट हटा दिए। शाहीन बाग के साथ ही जाफराबाद और जामिया समेत 8 स्थानों पर चल रहे सीएए प्रोटेस्ट भी खत्म कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शाहीन बाग में मंगलवार सुबह इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कुछ लोग धरना स्थल पर बैठे थे, जिनमें महिलाएं और पुरुष शामिल थे। उन्होंने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाई। दिल्ली दक्षिण पूर्व के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि यहां लॉकडाउन के बावजूद लोग सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों से हटने के लिए कहा।इसके बाद भी जब वे नहीं माने तो पुलिस ने कार्रवाई की। कुछ लोगों को गैर कानूनी ढंग से जुटने के लिए हिरासत में ले लिया गया।