
भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी में चल रही राजनितिक उठापटक के बीच कांग्रेस पार्टी को एक और झटका लगा हैं | ज्योतिरादित्य सिंधिया के इस्तीफे के बाद पार्टी के विधायक बिसाहूलाल सिंह ने अपना इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ले ली। बिसाहूलाल ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने की जानकारी दी। रविवार शाम विधायक बिसाहूलाल सिंह को पर्यटन मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल बेंगलुरु से विमान में इंदौर लाए। यहां से बघेल व गृह मंत्री बाला बच्चन के साथ सरकारी विमान से वे भोपाल लौटे।
भोपाल पहुंचते ही बिसाहूलाल मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिले तो भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी भी सीएम आवास पहुंचे।बेंगलुरु से वापस लौटे कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि वे तीर्थ यात्रा करने गए थे। वे तब बोले थे कि मैं शुरू से कांग्रेस के साथ था और कांग्रेस के ही साथ रहूंगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ को उनका पूरा समर्थन है। मंत्री बनाने का काम मुख्यमंत्री का है। हमें किसी ने बंधक नहीं बनाया था। इसके बाद अचानक आज उन्होंने अपना पाला बदल लिया।