
राजकोट | गुजरात में कच्छ के धार्मिक स्थल माता-ना-मढ़ में मंगल ग्रह जैसी सतह पाई गई है। वैज्ञानिकों की जांच में पता चला है कि यह मंगल की सतह से समानता रखने वाली दुनिया की इकलौती जगह है। इस तथ्य के सामने आने के बाद दुनियाभर के वैज्ञानिक यहां सोध के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, इसरो, आईआईटी खड़गपुर और जियोफिजिकल रिसर्च सेंटर हैदराबाद ने इस पर संयुक्त रूप से शोध करने की बात कही है।
मंगल की सतह से समानता की खबर मिलने के बाद, अमेरिका से वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक माता-ना-मढ़ की जमीन का मुआयना करने पहुंचे। उन्होंने कहा- खनिज विज्ञान पर शोध करने के लिए यह जगह बेहतरीन है। करीब साढ़े 3 साल का समय और 10 लाख रुपए खर्च करके यहां दुर्लभ खनिज जैसोराइस की मौजूदगी वाले स्पॉट को खोजा गया है। इसके लिए आधुनिक स्पैक्ट्रोस्कोपिक और एक्स-रे डिफ्रैक्शन पैटर्न पद्धति की मदद ली गई।