
नईदिल्ली | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि मई के आखिरी हफ्ते में चार राफेल फाइटर जेट भारत पहुंच जाएंगे। इसके बाद हर डेढ़ महीने में एक जेट मिलेगा। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे हैं। शनिवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने कश्मीर और चीन को लेकर हालात सामान्य होने का दावा किया। वहीं, संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर उन्होंने कहा कि यह कानून किसी भारतीय को प्रभावित नहीं करता है।
राजनाथ ने कहा- कश्मीर में हालात सामान्य हैं और मौजूदा परिस्थितियों में भारत को अपने उत्तरी पड़ोसी (चीन) से कोई खतरा नहीं है। हालांकि, भारत और चीन के बीच सीमा को लेकर वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन हमारे संबंधों में सुधार हुआ है। लोगों ने डोकलाम में भी देखा कि हम कहीं से कमजोर नहीं हैं। रक्षा मंत्री ने पिछले साल दशहरे (8 अक्टूबर, 2019) पर फ्रांस के मेरिनेक एयरबेस पर पहले राफेल की डिलीवरी ली थी। उन्होंने राफेल में 35 मिनट तक उड़ान भी भरी थी।