
नारायणपुर | छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) के प्रधान आरक्षक सहित चार लोग घायल हुए हैं। दो जवानों को गोली लगी है। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ आमदई घाटी में हुई है। घटना की पुष्टि आईजी बस्तर पी. सुंदरराज ने की है।
नक्सली फायरिंग में सीएएफ के प्रधान आरक्षक अंनत भगत, आरक्षक कड़ती काम्या को गोली लगी है। प्रधान आरक्षक के दाएं कंधे व सीने में और आरक्षक की कलाई में गोली लगी है। वहीं फायरिंग के दौरन अफरातफरी मचने से गिरकर हाइवा चालक संजीत शील और पोकलेन चालक अरुण कुमार साहू घायल हो गए हैं। सभी को छोटेडोंगर उपस्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है।