
भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी में पिछले 20 घंटे से चल रही राजनितिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही हैं | कांग्रेस ने भाजपा पर कांग्रेस के 9 विधायकों को गुड़गांव के होटल में बंधक बनाने का आरोप लगाया हैं | कल सुबह दिग्विजय ने ट्वीट कर कांग्रेस विधायकों को दिल्ली लाने की बात कही थी। इसके बाद जब शाम को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह दिल्ली के लिए निकले तो सियासी पारा और चढ़ गया। कांग्रेस ने देर रात दावा किया कि भाजपा ने कांग्रेस के 6, बसपा के 2 (एक निलंबित) और एक निर्दलीय विधायक को गुड़गांव के आईटीसी मराठा होटल में बंधक बनाया।
इसके बाद रात में ही भोपाल से मंत्री जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह को दिल्ली भेजा गया।पटवारी ने आरोप लगाया कि विधायकों को खरीदने के लिए 30-35 करोड़ रुपए का लालच दिया गया। हम जब होटल में गए तो नरोत्तम मिश्रा एक विधायक को तो जबरन उठाकर ले गए। इस पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड शिवराज सिंह हैं। इस पर शिवराज ने कहा- मामला उनके घर का है और आरोप हम पर लगाते हैं। उनका काम केवल आरोप लगाना है। अब वहां इतने गुट हैं कि आपस में ही मारामार मची हुई है।