
भोपाल | मध्यप्रदेश में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी जल्द होने वाले राज्यसभा चुनाव के जरिए एक तीर से कई शिकार की रणनीति बनाने में जुट गई है। अपने विधायकों के संख्या बल से तो भाजपा एक ही राज्यसभा सीट जीतने की स्थिति में है। इसके बाद भी दूसरी सीट हथियाने के लिए पार्टी कई तरह की राजनीतिक संभावनाओं पर काम कर रही है। एक विकल्प पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पर दांव खेलने का भी है।
भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय दीनदयाल भवन में रविवार सुबह संगठन के दिग्गज नेताओं ने इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत इसमें शामिल थे। राज्यसभा टिकट के लिए दिग्गज नेताओं के साथ पार्टी के मौजूदा पदाधिकारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।