पृथ्वी के पास से एक विशाल एस्ट्रॉयड गुजरेगा। नासा ने इसकी जानकारी दी है। अमेरिकन स्पेस एजेंसी के मुताबिक, इस एस्ट्रॉयड को 16 साल से मोनिटर किया जा रहा है। इसका नाम ‘एस्ट्रॉयड 86666’ है। शनिवार को यह पृथ्वी से 2.5 करोड़ किमी दूरी से गुजरेगा। नासा ने बताया कि यह सबसे बड़े एस्ट्रॉयड में से एक है जो धरती के इतने पास से होकर गुजरेगा। इसके साइज की ठीक जानकारी नहीं है, लेकिन यह 2.6 किमी चौड़ा हो सकता है। इसकी स्पीड 64 हजार किमी प्रति घंटा है।
जेट प्रोपल्शन लेब करती है मोनिटर
‘एस्ट्रॉयड 86666’ की डिस्कवरी यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के कैटलिना स्काय सर्वे ने मार्च 2000 में की थी। उस दौरान रिसर्चर्स को लगा था कि यह विशाल पत्थर का गोला धरती से टकराएगा। इस स्पेस में सभी एस्ट्रॉयड को मोनिटर करने का काम नासा की ‘जेट प्रोपल्शन लेबोरेट्री’ करती है। यह नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट ऑब्जर्वेशन प्रोग्राम का हिस्सा है। इस प्रोग्राम के तहत ऑर्बिट में घूमने वाले कॉमेट्स (धूमकेतू) और एस्ट्रॉयड को ट्रैक किया जाता है। धरती के लिए खतरा होने पर वॉर्निंग जारी करने का काम भी करती है।