मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर 63 साल के हो गए हैं। 4 सितंबर,1952 को मुंबई में जन्में ऋषि कपूर अपने जमाने के चार्मिंग और हैंडसम एक्टर्स में से एक थे। 80 और 90 के दशक में ऋषि कपूर का जादू आज के दौर में रणबीर कपूर के जादू से कहीं ज्यादा था। ऋषि जीवन में अपनी शादी को बहुत बड़ा दिन मानते हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि ऋषि कपूर अपनी शादी के दिन बेहोश हो गए थे। न सिर्फ ऋषि बेहोश हुए बल्कि दुल्हन बनीं नीतू सिंह (अब कपूर) भी बेहोश हो गई थीं।
ऋषि कपूर की पत्नी नीतू सिंह की दिली ख्वाहिश थी कि वह आर.के.बैनर्स की फिल्म ‘बॉबी’ में टाइटल रोल निभाएं, लेकिन इसमें बाजी डिंपल कपाडिया ने मार ली। दरअसल राज कपूर ‘बॉबी’ फिल्म के लिए एक नए और फ्रेश चेहरे की तलाश में थे और नीतू उस समय कुछ फिल्मों में काम कर चुकी थीं। बाद में नीतू सिंह और ऋषि कपूर ने लगातार कई फिल्में कीं। ‘रफू चक्कर’, ‘दूसरा आदमी’, ‘कभी-कभी’, ‘अमर अकबर एंथोनी’ जैसी कई फिल्मों में इस जोड़ी को दर्शकों ने पसंद किया।
राज कपूर बोले प्यार है तो शादी करो
उस वक्त इंडस्ट्री में यह बात तेजी के साथ फैल गई थी कि नीतू और ऋषि एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। नीतू का आना-जाना कपूर घराने में शुरू हो चुका था। इस दौरान नीतू सिंह ने कोशिश की वह ज्यादातर फिल्में ऋषि कपूर के साथ ही करें। नीतू, ऋषि से शादी को लेकर गंभीर थीं, यह बात खुद ऋषि कपूर के साथ उनका पूरा परिवार भी जानता था। राज कपूर ने ऋषि से साफ कह दिया था कि यदि वे नीतू से प्यार करते हैं तो उनसे शादी करें।
शादी में बेहोश हो गई थीं जोड़ी
22 जनवरी 1980 में यह दोनों शादी के बंधन में बंध गए। इनकी शादी में बॉलीवुड की तमाम हस्तियां आई थीं। शादी के समय नीतू सिंह इसलिए बेहोश हो गई थीं क्योंकि उनका लहंगा भारी था जो उनसे संभल नहीं पा रहा था। ऋषि कपूर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था और वह भी इस दौरान बेहोश हो गए थे। दरअसल, ऋषि अपने आसपास मौजूद भीड़ से इतने परेशान हो गए कि घोड़ी चढ़ने से पहले ही उन्हें चक्कर आ गया था। बता दें, ऋषि कपूर और नीतू सिंह की शादी फिल्म इंडस्ट्री की भव्य शादियों में शुमार की जाती है। फिल्मों के अलावा हर क्षेत्र से लोग इस शादी में हिस्सा लेने आए थे