
निर्दलीय सांसद और कांग्रेस समर्थक पप्पू यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ बोलते देखा है, लेकिन केजरीवाल उनसे भी आगे निकल गए हैं। पप्पू यादव पटपड़गंज विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अनिल कुमार के लिए प्रचार कर रहे थे। इस दौरान निर्दलीय सांसद यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी और भाजपा का पूर्वांचल से कोई लेना-देना नहीं है। पूर्णिया के सांसद ने कहा कि बड़े मियां तो हैं ही छोटे मियां सुभानअल्लाह। मैंने अपने जीवन में नरेंद्र मोदी को झूठ बोलते देखा है, लेकिन केजरीवाल उनसे आगे निकल गए हैं। उन्होंने कहा था कि वह वीआईपी नहीं बनेंगे, लेकिन दुनिया के सबसे बड़े वीआईपी बन गए। पेरिस की सड़कें, यमुना, मोहल्ला क्लीनिक इनमें से कोई भी मायने नहीं रखता। अगर किसी ने सबसे कम समय में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किया है, तो वह वही हैं। भाजपा भ्रष्ट है, लेकिन आप से ज्यादा भ्रष्ट कोई नहीं है।
नई दिल्ली विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने रविवार को आप और भाजपा पर प्रमुख मुद्दों को हल करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि बेरोजगारी दिल्ली के लोगों की आम चिंता है और दोनों ही पार्टियां व्यावहारिक समाधान देने में विफल रही हैं। कांग्रेस उम्मीदवार दीक्षित ने कहा कि बेरोजगारी एक आम मुद्दा है, जिस पर राष्ट्रीय राजधानी के लोग आप और भाजपा दोनों से परेशान हैं। हमारा काम आप की सच्चाई को उन लोगों के सामने उजागर करना है जो अभी भी झूठी उम्मीदों पर जी रहे हैं। कल्याण तब होता है जब आप अस्पताल, स्कूल और घर बनाते हैं, न कि जब आप चीजें मुफ्त में देते रहते हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे। दो दिन बाद 8 फरवरी को मतगणना होगी। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह कोई भी सीट जीतने में विफल रही है।