Monday, September 22

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा के नेताओं को चुनाव प्रबंधन में लगाया है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी के खिलाफ ‘हरियाणा सेना’ यानी हरियाणा के दिग्गज नेताओं को दिल्ली चुनाव प्रचार में उतारने की तैयारी कर रही है। इसके लिए पार्टी ने कुछ नेताओं को इलाके भी बांट दिए हैं। साथ ही सरकार और संगठन चला चुके हरियाणा के नेताओं का दिल्ली चुनाव की रणनीति बनाने में इस्तेमाल किया जाएगा। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम और अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, वरिष्ठ भाजपा नेता राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोला सहित राज्य के 16 बड़े नेताओं को चुनावी प्रचार में उतारने की तैयारी कर रही है। इसमें हरियाणा की महिला मंत्री आरती राव का नाम भी शामिल है। वह अपने पिता केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के साथ दिल्ली में भाजपा के लिए वोट मांगेंगी। इसके अलावा राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी दिल्ली चुनाव के प्रचार में शामिल होंगी। किरण चौधरी दिल्ली से चुनाव जीत भी चुकी हैं और दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इन नेताओं को कहा गया है कि ये सभी योजना के नाम पर दिल्ली में दलितों के साथ हुई कथित धोखाधड़ी को जनता के सामने लाएं।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच मुख्य चुनावी मुकाबला माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनावी अभियान भी शुरू कर दिया है। इसके तहत हरियाणा के फरीदाबाद से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री कृष्‍णपाल गुर्जर को दक्षिणी दिल्ली संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाली सभी 10 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि हरियाणा के शिक्षा मंत्री और पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा को पश्चिमी दिल्ली का प्रभार सौंपा गया है।