विदिशा। गुरुवार को जिला महिला कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। माधवगंज से दुर्गानगर चौराहे तक जुलूस निकाला गया। इस दौरान दुर्गानगर चौराहे से महिलाएं सीएम हाउस का घेराव करने जा रही थीं। तभी पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। अजाक थाने के बाहर धक्का लगने से कांग्रेस महिला नेत्री प्रियंका किरार गिरने से बेहोश हो गई थीं। जिले के मृतक किसानों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा व अन्य मांगों पर अमल न होने से प्रियंका किरार ने आत्मदाह का प्रदर्शन रखा गया था।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष प्रियंका किरार के नेतृत्व में जुलूस निकला। यह जुलूस मुख्य मार्गों से होता हुआ एडीएम बंगले के पास पहुंचा। यहां पर कुछ देर तक नारेबाजी के साथ धरना प्रदर्शन चला। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान भी आ गई थीं। यहां से जुलूस सीएम हाउस के लिए रवाना हो गया। सीएम हाउस पहुंचने से पहले ही पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल सभी महिलाओं को सख्ती के साथ रोका।
इस दौरान पुलिस की प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुरुष कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी। इसके बाद पुलिस सभी को वाहन में बैठाकर अजाक थाने ले आई। यहां पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हुई घटना को लेकर सभी कांग्रेसियों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। खासकर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान ने सीएम से मिलकर उनके गृह क्षेत्र की पुलिस के रवैये की शिकायत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सीएम के गृह क्षेत्र में ही जब महिलाओं के साथ पुलिस का ऐसा बर्ताव है तो प्रदेश में क्या हालात होंगे।