किसानों के चेहरे पर चमक के लिए चमकविहीन गेहूं की खरीदी : सीएम
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार को महेश्वर में गेहूं खरीदी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां वे बोले, बारिश व ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हुई। फसल आड़ी होने से गेहूं पतला हो गया। हार्वेस्टर में भी गेहूं की टूटफूट हुई। किसान भाइयों के चेहरे की चमक के लिए चमकविहीन गेहूं सरकार खरीद रही है। पतला और टूटफूट वाला गेहूं भी ले रहे हैं। किसानों को लाभ हुआ है। खरीदी नहीं की जाती तो किसानों को मजबूरन एक हजार रुपए क्विंटल दाम पर गेहूं बेचना पड़ता।
मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से यहां पहुंचे और किसान सौभाग पटेल एवं गणेश पाटीदार से हाथ मिलाया। किसानों से तौल व भुगतान को लेकर सीधा संवाद किया। पूछा- समय पर एसएमएस मिलता है या नहीं। गेहूं की तुलाई ठीक ढंग से हो रही है कि नहीं। समर्थन मूल्य पर 7 दिन में भुगतान हो रहा है या नहीं। किसान खरीदी से संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री ने किसानों का तुला हुआ गेहूं अपने सामने पुनः तुलवाया। साथ ही तौलकांटा, बारदाना, पेयजल व्यवस्था के बारे में भी पूछताछ की। कलेक्टर नीरज दुबे से गेहूं के डिस्पेज की मात्रा के विषय मे जानकारी ली। मुख्यमंत्री आधा घंटा बाद 2.30 बजे रवाना हुए।
धूप में खड़े देख टीनशेड की घोषणा
मुख्यमंत्री ने उपमंडी के खरीदी केंद्र पर टेंट लगा देखा। किसानों को धूप में खड़े देखा। उन्होंने यहां टीनशेड निर्माण की घोषणा भी की। वे बोले, किसानों को कोई परेशानी न हो इसलिए खुद खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहा हूं।