गंजबासौदा। बरेठ रोड पर सोमवार को आधा मार्ग जाम रहा। यहां पिछले एक सप्ताह से जाम लग रहा है। कुरवाई, सिरोंज के केंद्रों पर किसानों से खरीदे जा रहे गेहूं को बरेठ के समीप नए बने मध्यप्रदेश वेेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के गोदामों पर रखा जा रहा है। इस कारण आधे मार्ग पर ट्रक व ट्रालों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। यह स्थिति लगातार बने रहने के कारण यातायात आधे मार्ग पर चल रहा है।
इससे वाहनों सहित नागरिकों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसी मार्ग पर नई मंडी सहित उदयपुर, पठारी का यातायात चलता है। उदयपुर में सोमवार को हाट बाजार होने के कारण वाहनों के साथ दो पहिया वाहन चालकों को समस्या आई। जैसे- जैसे ट्रक वेयर हाउस प्रांगण में जाने के लिए मुड़ते हैं पूरा मार्ग जाम हो जाता है। अन्य वाहन चालकों को मार्ग खुलने का इंतजार करना मजबूरी बना हुआ है।
सोमवार दोपहर में गर्मी के कारण सबसे ज्यादा समस्या आई। बरेठ के ब्रजमोहन बबेले ने बताया कि बरेठ मार्ग पर मध्यप्रदेश वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन ने आधा दर्जन से ज्यादा गोदामें बनाई हैं। इनकी क्षमता इतनी है कि आधे जिले का अनाज इनमें रखा जा सकता है।