Tuesday, September 23

भारत जोड़ो न्याय यात्रा अब देर से होगी शुरु क्योंकि राहुल गांधी…

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी रविवार (14 जनवरी) से एक बार फिर भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। हालांकि इस बार इस यात्रा का नाम भारत जोड़ो न्याय यात्रा रखा गया है। मणिपुर से शुरु होकर महाराष्ट्र तक जाने वाली इस यात्रा में देश के 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। यात्रा आज मणिपुर की राजधानी इंफाल के निकट थोबल से शुरू होगी और मार्च के तीसरे सप्ताह में मुंबई में इसका समापन होगा। बता दें कि यात्रा की शुरुआत सुबह ही होने वाली थी। लेकिन अभी तक शुरु नहीं हो पाई है। इसकी वजह भी अब सामने आ गई है।

भारत जोड़ों न्याय यात्रा अब देर से होगी

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत आज सुबह ही होने वाली थी। लेकिन दिल्ली में घना कोहरे के कारण राहुल गांधी की फ्लाइट काफी लेट उड़ान भर पाई है। वहीं, अभी तक राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंफाल नहीं पहुंच पाए है। मणिपुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का इंफाल एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि इस यात्रा को लेकर कांग्रेस का कहना है कि यह कोई चुनावी यात्रा नहीं है, बल्कि यह देश के लिए न्याय की मांग करने से जुड़ी है।

67 दिन में 15 राज्यों से होकर गुजरेगी

कांग्रेस ने बताया कि लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। इस दौरान करीब 100 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी।

कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली थी भारत जोड़ो यात्रा

बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।

खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे राहुल गांधी

कांग्रेस के मुताबिक रविवार को राहुल गांधी सुबह 11 बजे इंफाल पहुचेंगे और खोंगजोम युद्ध स्मारक जाएंगे। जिसका उद्घाटन 2016 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कांग्रेस सरकार के दौरान किया था। यह 1891 में हुए आखिरी एंग्लो-मणिपुर युद्ध के शहीदों की याद में बनाया गया है। इसके बाद यात्रा से पहले थोबल में एक सभा होगी। फिर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी के नेृतत्व में शुरू होने जा रही इस दूसरी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।

यात्रा के दौरान INDIA गठबंधन के तमाम नेताओं के शामिल होने की भी संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी विपक्षी पार्टियों के अध्यक्षों को यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा है। इसके अलावा कई और हस्तियां भी इस यात्रा में शामिल होंगी।

किस राज्य में कितने दिन चलेगी यात्रा-मणिपुर में 1 दिन में चार जिलों में 107 किमी चलेगी यात्रा

-नगालैंड में दो दिन में 5 जिलों में 257 किमी चलेगी यात्रा

-असम के 17 जिलों में 8 दिन में 833 किमी यात्रा चलेगी

-अरुणाचल प्रदेश में एक दिन में 55 किमी यात्रा चलेगी-मेघालय में एक दिन में 1 जिले में 5 किमी यात्रा चलेगी

-पश्चिम बंगाल में 5 दिनों में 7 जिलों में 523 किमी यात्रा चलेगी

-बिहार में चार दिनों में सात जिलों में 425 किमी यात्रा चलेगी-झारखंड में 8 दिनों में 13 जिलों में 804 किमी यात्रा चलेगी

-ओडिशा में चार दिन चार जिलों में 341 किमी यात्रा चलेगी

छत्तीसगढ़ में पांच दिनों में सात जिलों में 536 किमी यात्रा चलेगी-उत्तर प्रदेश में 11 दिन में 20 जिलों में 1074 किमी यात्रा चलेगी

-मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिन में 9 जिलों में 698 किमी चलेगी

-राजस्थान में 1 दिन में यात्रा 2 जिलों में 128 किमी चलेगी

-गुजरात में पांच दिनों में सात जिलों में 445 किमी यात्रा चलेगी

-महाराष्ट्र में यात्रा पांच दिनों में 6 जिलों में 479 किमी चलेगी