Tuesday, September 23

रूस पर लगीं है 15 हजार से ज्यादा पाबंदियां, पहले यह देश था सबसे ज्यादा प्रतिबंधित

दुनियाभर के देशों की ओर से सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना करने वाले राष्ट्रों की सूची में रूस का नाम शीर्ष पर है। जब से रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, तब से लेकर अब तक रूसी व्यक्तियों और संस्थाओं पर 16,077 प्रतिबंध लगाए गए हैं, जो लुहांस्क और डोनेट्स्क क्षेत्रों को स्वतंत्र मानने से पहले की तुलना में लगभग छह गुना अधिक है। रूस पर वर्तमान में 18,772 प्रतिबंध हैं । न्यूयॉर्क स्थित प्रतिबंध निगरानी साइट कास्टेलम डॉट एआइ के आंकड़ों के अनुसार रूस पर नकेल कसने वाले देशों ने संगठनों के मुकाबले रूसी व्यक्तियों पर ज्यादा प्रतिबंध लगाए गए हैं।

देश रूस पर प्रतिबंध क्यों लगा रहे हैं?
फरवरी 2014 के अंत में क्रीमिया पर रूसी कब्जे के बाद अमरीका, कनाडा, यूरोपीय संघ और अंतरराष्ट्रीय संगठनों सहित कई देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाए। वहीं, 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर रूस के हमलों की शुरुआत के साथ बड़ी संख्या में देशों ने रूसी अर्थव्यवस्था को पंगु बनाने के उद्देश्य से प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए।
रूस पर तीन तरह के प्रतिबंध
—तेल और गैस की खोज के लिए प्रौद्योगिकी के प्रावधान पर प्रतिबंध।
—रूसी कंपनियों और बैंकों को ऋण के प्रावधान पर प्रतिबंध।
—राष्ट्रपति पुतिन के करीबी व प्रभावशाली रूसी नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध।

पहले ईरान था सबसे बड़ा प्रतिबंधित देश
रूस की ओर से यूक्रेन पर आक्रमण से पहले अमरीका, संयुक्त राष्ट्र, यूरोपीय संघ, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, भारत और इजरायल जैसे देशों की ओर से 3,616 सक्रिय प्रतिबंधों के साथ, ईरान इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा प्रतिबंधित राष्ट्र था। जिनमें अब हजारों प्रतिबंधों का और भी इजाफा हो चुका है। वहीं सीरिया पर लगाए गए अधिकांश प्रतिबंध इसे विश्व में तीसरे स्थान पर रखते हैं। यह स्थिति 2011 में शुरू हुए सीरियाई गृहयुद्ध के आसपास की घटनाओं से उपजी है।
उत्तर कोरिया सहित कई देशों पर लगे बैन
प्रतिबंधों के मामले में विश्व स्तर पर उत्तर कोरिया भी पीछे नहीं रहा है। दशकों से इस देश पर अंतरराष्ट्रीय संगठनों और पश्चिमी देशों की ओर से प्रतिबंध लगाए जाते रहे हैं। फिलहाल इसके ऊपर 2,171 प्रतिबंध हैं, जिनकी वजह से यह चौथे नंबर पर मौजूद है। रूस का करीबी बेलारूस इस सूची में पांचवें स्थान पर है। पिछले साल यूरोपीय संघ ने यूक्रेन के खिलाफ रूस की सैन्य आक्रामकता में शामिल होने के जवाब में बेलारूस पर कई तरह के नए व्यक्तिगत प्रतिबंधों की घोषणा की थी।

सूची में आगे म्यांमार और वेनेजुएला का स्थान है। म्यांमार पर कुल 988 प्रतिबंध हैं। गत वर्ष अमरीका, ब्रिटेन और कनाडाई सरकारों ने म्यांमार के सैन्य शासन से जुड़े व्यक्तियों, संस्थाओं के खिलाफ और अधिक प्रतिबंध लगा दिए। इनका उद्देश्य स्थानीय सेना की हथियारों और अन्य आपूर्ति तक पहुंच को रोकना था। वहीं दक्षिण अमरीकी देश वेनेजुएला के खिलाफ 747 प्रतिबंध हैं।