ग्वालियर में एक ओर मौसम परेशान कर रहा है वहीं यहां से आना—जाना भी कठिन होता जा रहा है। शहर में उत्तरी हवा के चलते रात के मौसम में जोरदार बदलाव आ गया है। दिन में ठिठुरन कम हुई लेकिन रात कंपकंपा रही है। हालांकि यहां 16 दिन बाद दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। कड़ाके की सर्दी और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बीच फ्लाइट रद्द होने की भी खबर आई है।
ग्वालियर में इंडिगो की मुंबई फ्लाइट शुक्रवार को रद्द कर दी गई। शनिवार को भी मुंबई की फ्लाइट रद्द रहेगी। कंपनी अधिकारियों के अनुसार ऑपरेशन कारणों के चलते इन दोनों फ्लाइटों को रद्द किया गया है। बुरी बात तो यह है कि कंपनी ने दिल्ली की भी फ्लाइटों को भी रद्द कर दिया है।
इंडिगो की आधिकारिक सूचना के अनुसार कंपनी ने 19 जनवरी से 26 जनवरी तक दिल्ली की फ्लाइट को रद्द कर दिया है। पूरे आठ दिनों तक दिल्ली की फ्लाइट रद्द रहेंगी। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि दिल्ली जाने वाली फ्लाइट से ग्वालियर से काफी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। यही कारण है कि फ्लाइट को इतने दिनों तक रद्द करने पर यात्रियों ने निराशा जाहिर की है। वहीं लंबी दूरी की ट्रेनों में भी जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इससे पहले भी 2023 में दिसंबर में मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट को रद्द किया गया है। इससे यात्रियों को इन दोनों शहरों में जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। ग्वालियर से मुंबई के लिए सप्ताह में छह दिन जाने वाली स्पाइसजेट और बेंगलुरु की फ्लाइट नहीं होने के बाद तब यात्री ट्रेनों पर निर्भर हो गए थे।