इंदौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को इंदौर के विधानसभा-5 में सभा को संबोधित करेंगी। रोबोट चौराहे पर होने वाली सभा के लिए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्शन की प्लानिंग की है। रोबोट चौराहे पर शाम चार बजे प्रियंका पहुंचेंगी। शहर कांग्रेस ने सभा के लिए विशाल डोम तैयार किया है।
रविवार को कांग्रेस नेताओं ने सभा स्थल का दौरा किया। यहां करीब 30 हजार कुर्सियां लगाई जा रही हैं। जिलेभर से कार्यकर्ताओं को सभा में लाने के लिए नेता सक्रिय हैं। रविवार को पार्टी कार्यालय गांधी भवन में युवक कांग्रेस ने बैठक आयोजित की, ताकि युवाओं की भीड़ जुटाई जा सके। प्रियंका के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी मौजूद रहेंगे। मंच पर प्रत्याशियों, मोर्चा-संगठन के पदाधिकारियों और चुनिंदा नेताओं को भी जगह दी जाएगी। प्रियंका दोपहर 1.20 बजे एयरपोर्ट पर आएंगी और वहां से कुक्षी जाएंगी. दोपहर 4.10 बजे लौटने के बाद 4.35 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगी। शाम 6.35 बजे वे विशेष प्लान से दिल्ली रवाना होंगी।
दो घंटे पहले से ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट
डीसीपी ट्रैफिक मनीष अग्रवाल ने बताया कि सभा स्थल पर कार्यक्रम के 2 घंटे पूर्व देवासनाका तरफ से शहर में आने वाले भारी वाहन, ट्राले प्रतिबंधित रहेंगे। वहीं पीपल्याहाना चौराहे से देवास नाका की ओर जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया है। पीपल्याहाना चौराहे से ट्रैफि क बायपास होकर स्टोर चौराहे से शहर में प्रवेश करेगा। कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्सन जारी रहेगा। पुलिस 2 बजे से ट्रैफिक डायवर्ट करेगी।
प्रियंका गांंधी से भाजपा के पांच सवाल
विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी आज सभा लेने इंदौर आ रही है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू ने आगमन पर प्रियंसा को ट्विट कर पांच सवाल पूछकर जवाब मांगे है। राबर्ट वाड्रा व उनकी कंपनी के लोगों पर बंगलुरू में 850 करोड़ की सरकारी जमीन की अफरा तफारी का आरोप लगा, बंगलुरू (दक्षिण) जिला भाजपा इकाई के अध्यक्ष ने 9,600 करोड़ रुपए के भूमि घोटाले को लेकर सिद्धारमैया और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई, इनका क्या हुआ। सरकार जांच कराएगी? राफेल विमान खरीदी को कांग्रेस सरकार में टाला गया।
डीलर संजय भंडारी ने राफेल विमान सौदेबाजी में फ्रांस की कंपनी का भारत में ऑफसेट पार्टनर बनने के लिए दबाव डाला था, आपके व राहुल गांधी के संजय भंडारी से क्या ताल्लुकात है ? कांग्रेस में केवल महासचिव प्रियंका वाड्रा राहुल गांधी पर ही फोकस क्यों किया जाता है? कन्या पूजन को नौटंकी बताने वाले कांग्रेस नेताओं, महिला दुराचार और छेड़छाड़ करने वालों को टिकट देने पर आप मौन क्यों रहीं ?