Saturday, October 18

टिकट के लिए भाजपा में जमकर कलह, नाराज होकर इस नेता ने दे डाला इस्तीफा

कटनी। जिले में कांग्रेस ने बड़वारा विधानसभा से विधायक विजयराघवेन्द्र सिंह पर फिर भरोसा जताया है। रविवार को कांग्रेस की पहली सूची में विजयराघवेन्द्र को बड़वारा से टिकट दिया गया है। भाजपा इस सीट पर एक माह पूर्व ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। हालांकि तीन अन्य विधानसभा मुड़वारा, विजयराघवगढ़ व बहोरीबंद में प्रत्याशी की घोषणा न होने से दावेदारों की धडकऩे बढ़ रही है।

भाजपा में नहीं थम रहा विरोध

दूसरी ओर भाजपा में टिकट वितरण का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कैमोर से भाजपा नेता गणेश राव ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। गणेश राव दो बार नगर परिषद अध्यक्ष रह चुके है और वर्तमान में सीमेंट फैक्ट्री में कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी है। वे भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे थे। गणेश राव ने पार्टी पर उपेक्षा व अनदेखी करने का आरोप लगाया है।

बहोरीबंद में सन्नाटा, बदलेंगे समीकरण

जिले की बहोरीबंद विधानसभा सीट पर इस बार कड़ा मुकाबला होने के आसार है। दावेदारों और समर्थकों के बीच सन्नाटा पसरा हुआ है। भाजपा ने तीन सीटों पर प्रत्याशी तो घोषित कर दिया है लेकिन इस सीट पर पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस से भी दावेदारों की संख्या यहां अधिक है। टिकट वितरण के साथ यहां राजनीतिक समीकरण बदल सकते है। बगावत के आसार भी है।