Tuesday, October 21

कांग्रेस ने जारी की भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट, बताया घोटालों की सरकार

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इसका विमोचन किया। इसमें भाजपा सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं और घोटालों की सरकार बताया है। कमलनाथ ने कहा है कि हम 18 साल की घोटालों की सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी कर रहे हैं। इसमें शामिल एक-एक तथ्य प्रमाण के रूप में आपके सामने रहेंगे। पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, आरोप पत्र समिति के समन्वयक पारस सकलेचा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव सिंह, मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा और प्रवक्ता निकिता खन्ना मौजूद थे।

पूर्व सीएम एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने शुक्रवार को भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया। इसमें भाजपा सरकार के खिलाफ अनेक आरोप लगाए गए हैं। कमलनाथ ने कहा कि यह घोटालों की सरकार है, शिवराज ठगराज बन गए हैं। जिन्में में 2007 तक बड़े प्यार से शिवराज कहकर पुकारता था, वे अब ठगराज बन गए। उन्होंने सबको ठगा है। कमलनाथ ने कहा कि नौजवानों, बुजुर्गों, किसानों, व्यापारियों और सरकारी कर्मचारियों सभी को ठगा है। सिर्फ पैसों का भ्रष्टाचार नहीं है, इनकी नीति और नीयत भी ठगने की रही है।

घोटाले ही घोटाले

पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा है कि गोमाता को नहीं छोड़ा, महाकाल को नहीं छोड़ा, हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या गवाह है। यही सबसे बड़ी आज कलंक मध्यप्रदेश पर है। आज यह गंभीर विषय पर मेरा आपसे मेरा अंतिम निवेदन है। इसे आप दूर नहीं होने दें। आज जिन चीजों से मध्यप्रदेश पीड़ित है, यही इसका बड़ा मुद्दा है। एक इमेज पर निवेश आता है। डिमांड नहीं किया जा सकता, अट्रेक्ट किया जाता है। क्या हम भ्रष्टाचार से निवेश को अट्रेक्ट करेंगे। कमलनाथ ने कहा कि पैसा दो और अपना नाम गरीबी रेखा में लिखवा दो। यह प्रदेश की तस्वीर है। आज हम इन सब बातों को पेंपलेट में प्रकाशित कर रहे हैं, जो घर-घर तक पहुंचाएंगे।

वल्लभ भवन पर कही बात

भाजपा हमेशा कहती थी कि वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया है, इस पर कमलाथ ने कहा कि 45 साल के राजनीतिक जीवन मं कोई मेरे ऊपर उंगली नहीं उठा सकता है। कैमरे लगे हैं, सब रिकार्ड होता है, कौन आता है कौन जाता सब रिकार्ड होता है। सीएम हाउस में भी सब रिकार्ड होता है। उन्हें आखिरी दिनों मं कमलनाथ नजर आए।

सौदेबाजी हुई

कमलनाथ ने अपनी सरकार के कामकाज के बारे में कहा कि 15 माह की सरकार में साढ़े 11 माह थे मेरे पास थे। सरकार क्यों गिरी यह मुझे नही मालूम, लेकिन सौदा हो रहा है यह मुझे पता है। कई लोग मेरे पास आते थे कि आज हमें इतना पैसा मिल गया, तो मैंने कहा कि लो पैसा और मौज करो।

मेरा लक्ष्य एमपी को पहचान दिलाने का था

कमलनाथ ने कहा कि जब में मुख्यमंत्री था मेरा बहुत बड़ा प्रयास था कि मध्यप्रदेश की पहचान बने। दिखावे का समिट नहीं करना चाहता था। मैंने सम्मेलन किया था, देश के सबसे प्रसिद्ध उद्योगपतियों और बिजनेसमैन ने भाग लिया। क्योंकि मैं मध्यप्रदेश के चेहरे को विश्वास का चेहरा बना सकता था। मैंने कहा कि मैं माफिया के विरुद्ध भी अभियान शुरू करूंगा। कमलनाथ ने कहा कि अब कमलनाथ 2018 के मॉडल नहीं हैं, 2023 के माडल हैं।

अब जनता गवाह है

कमलनाथ ने कहा कि यह प्रचार की और भ्रष्टाचार की सरकार थी। जनता गवाह है। यह कुछ कमलनाथ कह दे, कुछ बात अमित शाह कह दे। प्रश्न यह है कि जनता को किस पर विश्वास है। यह होर्डिंग से, पेंपलेट से सभाओं से आज जनता प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता को भुगत रही है, बेरोजगार भटक रहा है, किसान परेशान हैं छोटे व्यापारी परेशान है, जनता इसका जवाब देगी।