गुरुवार को कृषि उपज मंडी में बंपर आवक हुई। व्यापारियों ने शाम को उपज नीलामी का समय 1 घंटा बढ़ा दिया था। इसका असर यह हुआ कि सभी किसानों की उपज नीलाम हो गई। इस दौरान सड़क मंडी बायपास रोड, बस स्टैंड और एक्सचेंज रोड पर कई बार जाम की स्थिति भी बनी।
कृषि उपज मंडी में जोरदार आवक का सिलसिला इन दिनों बना हुआ है। गुरुवार को भी मंडी में बंपर आवक हुई। हालात ये थे कि दशहरा मैदान में बने गेहूं नीलामी मैदान पर सुबह ट्रैक्टर-ट्राली खड़े करने की जगह भी नहीं बची थी। किसानों को अपनी बारी के लिए उपज नीलामी शुरू होने इंतजार करना पड़ा।
व्यापारियों ने सुबह 10 बजे से नीलामी शुरू कर दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रालियों का व्यापारियों के तौल कांटे पर जाने और अन्य किसानों के आने का सिलसिला लगातार बना रहा। गेहूं की उपज नीलामी के अलावा बेगमबाग स्थित नीलामी परिसर में चने, मसूर सहित अन्य उपजों की नीलामी दोपहर में 12 बजे से शुरू हुई। इस प्रक्रिया में व्यापारी और किसान दिनभर व्यस्त रहे। बुधवार को कई किसानों की उपज नीलामी नहीं हो सकी थी।
मंडी गेट में फंसा ट्रक, आधा घंटे तक आवागमन रहा प्रभावित
भावों में स्थिरता कायम रही
गुरुवार को भी मंडी में सर्वाधिक आवक गेहूं की ही रही। इस दौरान करीब 16 हजार क्विंटल गेहूं बिकने आया। अच्छी बात यह रही कि जोरदार आवक के बावजूद किसानों को उनकी उपज के दाम बेहतर ही मिले। गेहूं ऊंचे में 3800 से नीचे में 1700 रुपए क्विंटल तक बिका। 1700 रुपए भी बेहद कमजोर क्वालिटी का गेहूं बिका।
गेहूं के अच्छे भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिले दिखाई दिए हालांकि चना और मसूर की आवक गुरुवार को भी मंडी में कम ही रही। गेहूं के अलावा सभी प्रकार कि उपजों की आवक 5 हजार क्विंटल से कम ही थी। मंडी व्यापारी संजीव साहू ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि चने और मसूर को किसानों ने रोक लिया है। समर्थन मूल्य केन्द्रों पर भी चना कम ही पहुंच रहा है।
सुबह 11 बजे से शुरू हुई नीलामी की प्रक्रिया
नीलामी की प्रक्रिया के बाद किसानों की ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार मंडी बायपास रोड, बस स्टैंड और एक्सचेंज रोड पर लगने लगी थी। सुबह 11 बजे के बाद से ही यह सिलसिला शुरू हो गया था। जो दिनभर बना रहा। इस कतार के कारण इन तीनों की स्थानों पर पल-पल में जाम की स्थिति भी बनती रही।
पुलिस और मंडी के सुरक्षा गार्ड यहां पर व्यवस्था बना रहे थे लेकिन इसके बाद भी जाम लगने से वे नहीं रोक सके। इस बीच दोपहर में पुरानी मंडी के एंडरसन गेट पर एक ट्रक फंस गया। इस कारण उपज लेकर आए किसान मंडी में नहीं पहुंच पा रहे थे। जिसके चलते जाम लग गया। आधा घंटे तक यह ट्रक फंसा रहा। जब ट्रक निकला तब आवागमन शुरू हो सका।