रूस-यूक्रेन जंग के 43 दिन पूरे हो चुके हैं। इस बीच, जर्मनी के एक दावे ने यूक्रेन के बूचा शहर में नरसंहार के आरोप झेल रहे रूस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जर्मनी ने कहा है कि उसके इंटेलिजेंस डिपार्टमेंट ने सेटेलाइट के जरिए रूसी सेना का रेडियो ट्रांसमिशन रिकॉर्ड किया है। इस बातचीत में रूसी सेना के अधिकारी सैनिकों को आम नागरिकों की हत्या करने का आदेश दे रहे हैं।
जर्मनी ने इस ऑडियो को रिलीज भी किया है और कहा है कि यह ऑडियो बूचा शहर का हो सकता है, जहां पिछले दिनों सैकड़ों नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। हालांकि, रूस ने इसे प्रोपगंडा बताते हुए खारिज कर दिया है। साथ ही बूचा नरसंहार की जांच की मांग दोहराई है। इधर, रूसी हमले झेल रहे यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने जंग में अब तक रूस के 18 हजार से ज्यादा सैनिकों को मार गिराया है।
रूस ने कहा- जंग में हमारा बड़ा नुकसान हुआ
यूक्रेन के रक्षा विभाग ने 18 हजार रूसी सैनिकों को मारने की बात कही, तो रूस ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, रूसी राष्ट्रपति हाउस के प्रवक्ता दैमित्रि पेशकोव ने एक इंटरव्यू के दौरान माना कि जंग में हमारा बहुत नुकसान हुआ है।
लोगों के सिर में मारी गई थी गोली
यूक्रेन के बूचा में अटैक के बाद मारे गए लोगों के शव निकाले जा रहे हैं। राहत दल के एक अधिकारी ने कहा- हम घरों से डेड बॉडी निकाल रहे हैं। एक बॉडी के सिर में गोली मारी गई थी। रोड और यार्ड से भी कई लोगों के शव मिले हैं। मृतकों की संख्या इतनी ज्यादा है कि शवों का रेंडम पोस्टमार्टम करने का फैसला लिया गया है।
जंग से जुड़े अपडेट्स…
- जंग के बीच यूक्रेन की मदद के लिए ऑस्ट्रेलिया ने 20 बख्तरबंद गाड़ियां भेजी है। वहीं जापान ने रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा- बोरोडियांका शहर में बूचा से भी हालात बदतर है। वहां पर रसियन मिलिट्री ने लोगों की हत्या की है।
- जर्मनी में यूक्रेन के राजदूत ने कहा है कि रूसी लोग दुश्मन की तरह व्यवहार कर रहे हैं। रूस के नागरिक पुतिन को रोकने में विफल रहे हैं।
- UN ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध की वजह से 43 लाख लोगों ने दूसरे देशों में शरण ली है। करीब 65 लाख लोग अपने ही देश में विस्थापित हैं।
फेसबुक का दावा- रूसी एक्सपर्ट कर रहे साइबर हमला
फेसबुक ने कहा है कि रूसी साइबर एक्सपर्ट यूक्रेन जंग को कवर कर रहे पत्रकारों और वहां के स्थानीय नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट हैक करने की कोशिश कर रहे हैं। फेसबुक ने कहा कि पिछले 7 दिन के भीतर ऐसे कई मामले सामने आए हैं, हम इसको लेकर पूरी तरह सतर्क हैं।
EU के पोर्ट्स पर नहीं ठहर सकेंगे रशियन जहाज
इधर, यूरोपियन यूनियन (EU) ने रूस पर एक और बैन लगाया है। EU ने रूस के कोयला इम्पोर्ट और हथियारों पर पाबंदी लगा दी है। EU की बैठक के बाद एक अधिकारी ने बताया कि अब रशियन जहाजों को यूरोपीय संघ के पोर्ट्स पर ठहरने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
UNHRC में वोटिंग के बाद रूस बाहर
बूचा अटैक के बाद गुरुवार को UN में हुई वोटिंग में रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) से बाहर कर दिया गया। वोटिंग के दौरान रूस के खिलाफ 93 और पक्ष में 24 वोट पड़े। भारत समेत 58 देश वोटिंग से बाहर रहे। UNHRC का गठन 2006 में किया गया था। रूस इससे बाहर किया गया दूसरा देश है। इससे पहले लीबिया को UNHRC से बाहर किया गया था।