आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन दिन ब दिन और उग्र होता जा रहा है। अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चल रही आंगनबाड़ी कार्यकताएं अब बंद आंगनबाड़ी केंद्रों की चाबियां विभाग को सौंप रही हैं। गुरुवार को विदिशा शहरी परियोजना के तहत करीब 156 आंगनबाड़ी केंद्रों की चाबियां कार्यकर्ताओं ने अपने परियोजना कार्यालय में सौंप दी हैं।
गुरुवार को जहां नीमताल गांधी चौक पर चल रहे धरना स्थल पर शहरी क्षेत्र की इन आंगनबाड़ियों की चाबियां कार्यकर्ताओं ने अपने नाम और केंद्र क्रमांक की स्लिप चिपकाकर एक कार्टून में एकत्रित की। इसके बाद सभी एकजुट होकर परियोजना कार्यालय पहुंचे। यहां पर परियोजना अधिकारी और पर्यवेक्षक के हड़ताल पर होने से कार्यालय के प्यून और कंप्यूटर ऑपरेटर को केंद्रों की चाबियां सौंपी गई।
इस दौरान ओसी नहीं मिलने पर चाबियों से भरा कार्टून को विभाग में जमा करा दिया गया। गुरुवार को धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जहां जोरदार नारेबाजी की, वहीं अपने आंदोलन में जोश भरने के लिए “इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कमजोर हो ना” जैसे कई जोशीले गीत भी गाए।
आज 1800 आंगनबाड़ियों की सौंपी जाएंगी चाबियां
संगठन की जिला अध्यक्ष मिथलेश श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को जिलेभर की करीब 1800 आंगनबाड़ियों की चाबियां एकत्रित कर संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर जमा की जाएंगी। जिले भर में करीब 2200 से अधिक कार्यकर्ताओं की हड़ताल के चलते पूरी तरह से बंद हैं। 25 मार्च के बाद आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। इसके तहत भोपाल चलो पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा विदिशा से भोपाल स्थित सीएम हाउस तक निकाली जाएगी। सीएम से मिलकर अपनी मांगें रखी जाएंगी।