विदिशा। शनिवार को मप्र कर्मचारी संघ ने जिला मुख्यालय पर कलेक्टोरेट के नजदीक धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में विभिन्न विभागों के अनेक कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। धरने में जहां कर्मचारियों ने बारी-बारी से संबोधित किया, वहीं बाद में कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया था।
मप्र कर्मचारी संघ के प्रदर्शन में प्रांतीय अध्यक्ष अशोक पांडे भी शामिल हुए। उन्होंने कर्मचारियों के हक में आवाज बुलंद की। संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाशचंद शर्मा ने बताया कि सरकार के स्पष्ट आदेश एवं नियम जारी होने के बावजूद विदिशा जिले में दैवेभो कर्मचारियों को लाभ नहीं मिल रहा है। इससे जिले के कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। एक सप्ताह में मांग पूरी नहीं होने पर भोपाल में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।