Wednesday, September 24

2020 का फसल बीमा न मिलने का आक्रोश:विदिशा-सागर हाइवे पर कुआं खेड़ी के पास डेढ़ घंटे तक फंसे वाहन

विदिशा-सागर हाईवे पर कुआंखेड़ी के पास शुक्रवार दोपहर में किसानों के आक्रोश की वजह से डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 5 किमी तक वाहन फंसे रहे। इस दौरान सागर से भोपाल जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हुए। इस दौरान कई अफसर भी फंस गए। इस दौरान एंबुलेंस भी फंस गई। बड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को निकाला गया। किसान साल 2020 का फसल बीमा की मांग पर अड़े थे। मौके पर तहसीलदार सरोज अग्निवंशी पहुंची।

वहीं कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने किसानों को बीमा दिलाने का आश्वासन दिया। तब किसान शांत हुए और चक्काजाम खत्म हुआ। दोपहर 1 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक वाहन फंसे होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेता देवेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा की फसल बीमा किसानों का न्यायिक अधिकार है। चक्काजाम की वजह से हाईवे पर सैकड़ों की संख्या में बड़े वाहन भी फंस गए थे। जिन्हें इस प्रदर्शन के कारण काफी देर तक परेशान होते देखा गया।

आचार संहिता का उल्लंघन
हमीदिया भोपाल से शव लेकर सागर गई एंबुलेंस लौटते वक्त फंस गई। एंबुलेंस चालक मोहन ने इस संबंध में शिकायत की। सिविल लाइंस थाना प्रभारी योगेंद्रसिंह दांगी का कहना है कि आचार संहिता का उल्लंघन किसानों ने किया है। वीडियो फुटेज के आधार पर प्रदर्शनकारियों पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा। तहसीलदार सरोज अग्निवंशी का कहना था कि प्रदर्शन कर रहे देवेंद्रसिंह राठौड़ से उनकी मांग पूछी थी। मोबाइल पर उनकी कलेक्टर से बात हो गई थी। आश्वासन के बाद चक्काजाम खत्म हो गया था।