गंजबासौदा। सरकारी कामकाज में राजनीतिक दखल खत्म करने और डाक्टरों की तरह खुद के लिए भी प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर रहे। दिनभर दफ्तरोे के ताले नहीं खुले। इससे काम के सिलसिले में दफ्तरों में पहुंचे लोगों को पेरशानियों का सामना करना पड़ा। तहसील के कर्मचारियोे ने कार्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी की।
हड़ताल में आरआई, पटवारी, कोटवार, तृतीय श्रेणी के कर्मचारी, लघु वेतन कर्मचारी समेत 300 कर्मचारी शामिल हुए। कामकाज ठप होने से नामांतरण, बटवारा, प्रमाण पत्र, सीमांकन, लायसेंस समेत कई काम प्रभावित हुए। जनपद के भी करीब सौ कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे मनरेगा, पंच परमेश्वर, पेंशन, इंदिरा आवास, समग्र आईडी सहित कई काम नहीं हो सके।
नपा कर्मी भी रहे हड़ताल पर
टोटल शट डाउन के तहत नगर पालिका कर्मचारी भी सामूहिक अवकाश पर रहे। इससे जरूरी काम के लिए नगर पालिका दफ्तर पहुंचने वालों को परेशान होना पड़ा। कर्मचारियों ने सीएमओ को एक ज्ञापन भी सौंपा। हालांकि हड़ताल से पानी सप्लाई और सफाई का काम प्रभावित नहीं हुआ।
इन्होने सुनाई समस्या
वार्ड-6 मेे रहने वाले मदनलाल विश्वकर्मा को बीमारी के इलाज के लिए स्टीमेट बनवाना था। उन्होंने बताया कि सुबह वह एसडीएम से मिलने के लिए पहुंचे थे, लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल के चलते इनका काम नहीं हो सका। लालपठार के रहने वाले भारतसिंह ने बताया कि उनकी आईडी नहीं बन पा रही है। इसके लिए वह 12 दिन से जनपद के चक्कर लगा रहे हैं आज भी इसी काम के लिए वह जनपद पहुंचे थे, लेकिन हड़ताल के कारण काम नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि सीईओ के आदेश के बाद भी सचिव और विभाग के अधिकारी उनका काम नहीं कर रहे हैं