
सुबह 8 बजे तक दिया था सब्जी बेचने का समय, रोका तो जताई नाराजी
लॉकडाउन के नाम पर प्रशासन की सख्ती और मनमानी के खिलाफ अब जिलेभर के लोग और दुकानदार मुखर हो रहे हैं। इतना ही नहीं जिले के कई दुकानदारों ने प्रशासन के आदेश का पालन करने से मना कर दिया है। वहीं सब्जी मंडी भी खुली और प्रशासन के आदेश का पालन नहीं किया। विदिशा सब्जी-फल मंडी में सुबह हंगामा हो गया।
विदिशा सब्जी मंडी सुबह 5 बजे से 8 बजे तक खुलना थी। तहसीलदार सरोज अग्निवंशी सुबह 7.30 बजे सब्जी मंडी पहुंच गई थीं। उन्होंने फुटकर विक्रेताओं और खरीदारों को रोकने के लिए नपा की ट्राली खड़ी करवा दी। इसके बाद सब्जी मंडी के व्यापारी नाराज हो गए। उन्होंने मवेशियों के सामने हजारों की सब्जियां फेंक दी।
विवाद बढ़ने पर कलेक्टर डॉ पंकज जैन और एसडीएम गोपालसिंह वर्मा पहुंचे। अफसरों ने मंडी बंद करने की बात कही। इससे सब्जी मंडी के व्यापारी भड़क गए। मंडी के व्यापारियों का कहना था कि प्रशासन सख्ती के नाम पर अब सता रहा है। जो लोग रोजाना 200 से 500 रुपए कमाते हैं। उनकी रोजी-रोटी छीनी जा रही है। एक वक्त की रोटी का भी संकट खड़ा हो जाएगा। हालांकि कलेक्टर की समझाइश के बाद व्यापारी शांत हो गए और सुबह 10 बजे तक मंडी खोलने की मांग की।
फेंक दी हजारों रुपए कीमत की सब्जी
एसडीएम और तहसीलदार के मनमाने रवैये से नाराज व्यापारियों ने सब्जी मवेशियों के सामने ही फेंक दी। व्यापारियों का कहना था कि ज्यादा मात्रा में आई सब्जी सुबह 5 बजे से 8 बजे के बीच बिक नहीं सकती। प्रशासन फुटकर विक्रेताओं को रोक रहा है। इससे अच्छा है कि सब्जियां फेंक दो।
अब सुबह 9.30 बजे तक खुलेगी मंडी
सब्जी मंडी के व्यापारियों ने नाराजी दिखाई तो अफसर भी उनकी बात सुनने को तैयार हो गए। पहले सब्जी मंडी सुबह 5 से 8 बजे तक खोलने के निर्देश दिए थे। सब्जी मंडी के अध्यक्ष सूरज किरार ने बताया कि अब दुकानें सुबह 9.30 बजे तक खोली जाएंगी।
कलेक्टर डॉ. पंकज जैन ने दिए इन सवालों के जवाब सवाल- जिले के व्यापारी शासन के आदेश का विरोध करने लगे हैं- जवाब- ऐसा नहीं है। हमनें एसडीएम को संबंधित क्षेत्र और परिस्थिति के अनुसार निर्णय लेने के अधिकार दिए हैं। वे तात्कालिक परिस्थिति के अनुसार निर्णय ले सकते हैं। गंजबासौदा के व्यापारियों ने दुकानें खोली। मुझे जहां तक जानकारी है उसके अनुसार एसडीएम की व्यापारियों से चर्चा हुई थी। उसके बाद दुकानें खोली गईं। वहीं सिरोंज में व्यापारियों से चर्चा की जा रही है। सवाल-कुछ अफसर लॉकडाउन के नाम पर मनमानी कर रहे हैं- जवाब-अब तक ऐसी बात सामने नहीं आई है। व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू रखना है। हम सभी मिलकर कोरोना से लड़ सकते हैं।