Sunday, October 19

कोरोना देश में:4 महीने पहले 10.17 लाख एक्टिव केस थे, अब सिर्फ 1.94 लाख बचे, लेकिन केरल में संक्रमण बेकाबू

देश में बीते चार महीने में 8.23 लाख कोरोना एक्टिव केस कम हुए हैं। इससे पहले ये लगातार बढ़ रहे थे। 17 सितंबर को यह आंकड़ा 10.17 लाख के पीक पर पहुंचा था, जो अब 1.94 लाख पर आ गया है। बीते चौबीस घंटे में संक्रमण के 13,780 केस आए, 17,229 मरीज ठीक हुए, 161 की मौत हुई। इसके साथ ही 3,621 एक्टिव केस कम हो गए। जनवरी के 19 दिनों में ही इनमें 50,000 की कमी आई है।

उधर, केरल में संक्रमण की रफ्तार नहीं थम रही। यहां मंगलवार को 6,186 नए मरीज मिले। 4,296 ठीक हुए और 26 की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस का आंकड़ा 70,262 हो गया है। यहां इलाज करा रहे मरीज देश में सबसे ज्यादा हैं। देश में अब तक 1.05 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1.02 करोड़ मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 1.52 लाख संक्रमितों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

लक्षद्वीप में पहला केस सामने आया
लक्षद्वीप में मंगलवार को कोरोना का पहला मामला सामने आया है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, संक्रमित व्यक्ति 4 जनवरी को कोच्चि से लक्षद्वीप पहुंचा था। उसके संपर्क में आए 31 लोगों की पहचान हुई है। इनमें से 13 और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। लक्षद्वीप की आबादी करीब 68,000 है। अब तक यह केंद्र शासित प्रदेश इस महामारी से बचा हुआ था। अब यहां कुल 14 केस हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस के 8,000 से ज्यादा जवान कोरोना से संक्रमित हुए। 30 की मौत हो गई। इसके बावजूद दिल्ली पुलिस ने लोगों की रक्षा के लिए काफी काम किया।
  • केंद्र ने भारत बायोटेक को कोवैक्सिन के 45 लाख डोज का फिर से ऑर्डर दिया है। इनमें से करीब आठ लाख डोज भारत के मित्र देशों को मुफ्त में भेजे जाएंगे। इन मित्र देशों में मॉरिशस, फिलिपींस, म्यांमार, बांग्लादेश और भूटान शामिल हैं।
  • सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने सोमवार को केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद को पत्र लिखकर वैक्सीनेशन में जज, वकील और ज्यूडिशियल स्टाफ को प्राथमिकता देने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि इससे कोर्ट का कामकाज जल्दी नॉर्मल हो सकेगा।
  • पंजाब सरकार ने 21 जनवरी से राज्य के सभी पब्लिक और प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोलने का आदेश जारी कर दिया है। सभी यूनिवर्सिटी को कोविड-19 नियमों का पालन करना होगा।