Sunday, October 19

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में शीतलहर:हरियाणा में अगले 4 दिन शीतलहर का अनुमान, शिमला से भी ठंडा रहा अमृतसर

पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में एक बार फिर से दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में शीतलहर चल रही है और दिन में भी ठिठुरन बढ़ने लगी है। पंजाब के कई जिलों में रविवार को मैक्सिमम टेम्परेचर 12 से 16 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में 21 जनवरी तक शीतलहर चलने के आसार हैं। बिहार के कई जिलों में दूसरे दिन भी कोल्ड डे की स्थिति रही।

पंजाब में घना कोहरा पड़ेगा
पंजाब में रविवार को अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां मैक्सिमम टेम्परेचर 12 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। पटियाला में धुंध की वजह से विजिबिलिटी 25 मीटर रह गई। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को भी घनी धुंध रहेगी। रात के तापमान में गिरावट आएगी।

हरियाणा में 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाएं
हरियाणा के नारनौल में रात का तापमान 2.5 डिग्री और रेवाड़ी में 2.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। सुबह घना कोहरा छाया रहा। पहाड़ों से आ रही बफीर्ली हवाओं की रफ्तार दोपहर बाद बढ़कर 14 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। इससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक अब कोहरे से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन शीतलहर 21 जनवरी तक चलने के आसार हैं।

पटना का पारा औसत से 5 डिग्री कम, दिन का तापमान और गिरेगा
बिहार में ठंडी हवाओं से ठिठुरन और गलन का अहसास हो रहा है। आज कई इलाकों में घना कोहरा भी छाया हुआ है। पटना और गया समेत बिहार के 13 जिलों में रविवार को लगातार दूसरे दिन कोल्ड-डे की स्थिति रही। मौसम विभाग के मुताबिक ये स्थिति 22 जनवरी तक रहने का अनुमान है, लेकिन रात का तापमान बढ़ सकता है।

दिल्ली में ठंड और कोहरे के साथ प्रदूषण की मार
दिल्ली में सोमवार को लगातार दूसरे दिन मिनिमम टेम्परेचर 9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को सफदरजंग इलाके में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 200 मीटर दर्ज की गई। वहीं प्रदूषण का स्तर 347 तक पहुंच गया, इसे गंभीर माना जाता है।
मध्य प्रदेश में ग्वालियर सबसे ठंडा, भोपाल में सर्दी कम हुई
प्रदेश में रविवार को ग्वालियर का दिन सबसे ठंडा रहा। मैक्सिमम टेम्परेचर 3.8 डिग्री गिरकर 21.5 डिग्री रहा। सुबह कोहरा छाया रहा। भोपाल में अब दिन के बाद रात में भी सर्दी कम हो गई है। रात के तापमान में 3.2 डिग्री का इजाफा हुआ। दिन और रात का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा हो गया है।