वॉशिंगटन. अंतरिक्ष विज्ञान के लिए आज का दिन ऐतिहासिक हो सकता है। मौसम ठीक रहा तो देर रात अमेरिकी अंतरिक्ष ऐजेंसी नासा अपने दो अंतरिक्ष यात्रियों को निजी कंपनी स्पेसएक्स के अंतरिक्ष यान से इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) पर भेजेगी। ये अंतरिक्ष यात्री रॉबर्ट बेनकेन और डगलस हर्ले हैं। इस मिशन का नाम ‘क्रू डेमो-2’ और स्पेसक्राफ्ट का नाम ‘क्री ड्रैगन’ है।

21 जुलाई 2011 के बाद पहली बार अमेरिकी धरती से अमेरिकी रॉकेट पर कोई मानव मिशन अंतरिक्ष में जाएगा। स्पेसक्राफ्ट की लॉन्चिग अमेरिका के सबसे भरोसेमंद रॉकेट फॉल्कन-9 से की जाएगी। स्पेसएक्स अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी है। यह नासा के साथ मिलकर भविष्य के लिए कई अंतरिक्ष मिशन पर काम कर रही है।