
नईदिल्ली | देश में तेजी से फ़ैल रहे कोरोनावायरस के मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं | कल केरल में 3 और महाराष्ट्र में 5 नए मरीजों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी हैं जिसके बाद देश में मरीजों की संख्या 107 हो गयी हैं | उधर, संक्रमण से प्रभावित ईरान और इटली से 452 भारतीयों को निकाल लिया गया है। इन्हें 2 विशेष विमान से सुबह मुंबई और दिल्ली लाया गया। 14 दिन इन्हें क्वारैंटाइन में रखा जाएगा। बता दे कि इटली से लाए गए 218 भारतीयों में 211 छात्र हैं। इन्हें एयर इंडिया के विमान से रविवार सुबह दिल्ली लाया गया। इससे पहले इरान में फंसे 234 भारतीयों को लेकर महान एयरलाइंस का विमान मुंबई पहुंचा। मुंबई से इन्हें एयर इंडिया के विमान से राजस्थान के जैसलमेर ले जाया गया। जैसलमेर में 1000 लोगों की क्षमता वाला सेना का नया क्वारैंटाइन सेंटर बनाया गया है। ईरान से लाए गए लोगों को यहीं रखा जाएगा।