
नईदिल्ली | शाहीन बाग में अभी वार्ताओं का दौर चल ही रहा है कि इसी बीच शनिवार देर रात जाफराबाद में भी नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) व एनआरसी के विरोध में धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के नीचे रोड पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शनिवार देर रात प्रदर्शन करने पहुंच गए, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक है। जाफराबाद निवासी एक प्रदर्शनकारी महिला ने बताया कि शाहीन बाग की तरह यहां से तब तक नहीं हटेंगे, जब तक सीएए व एनआरसी को वापिस नहीं लिया जाता। एक अन्य प्रदर्शनकारी महिला का कहना है कि अब सीएए के विरोध में घर-घर से लोग निकल चुके हैं। सरकार ने इस कानून को जल्द वापिस नहीं लिया तो दिल्ली में ही कई दर्जन शाहीन बाग बन जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों की वजह से जाफराबाद, सीलमपुर, मौजपुर की तरफ से गोकुलपुरी जाने वाले रास्ते को बंद करना पड़ा। जाफराबाद में प्रदर्शनकारी महिलाएं रोड को खाली करने से मना कर रही हैं। जिसकी वजह से जाफराबाद मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया। स्टेशन की एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिए गए। इस स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुक रही है। इसके अलावा जाफराबाद के बाद प्रदर्शनकारियों ने चावड़ी बाजार के नजदीक लाल कुआं पर भी नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां पर प्रदर्शनकारी शनिवार देर रात 12 बजे से हैं। जाफराबाद के बाद चांद बाग में प्रदर्शनकारियों ने वजीराबाद रोड भी ब्लॉक कर दिया। सिग्नेचर ब्रिज वजीराबाद से हिंडन एयरबेस जाने वाले रोड पर प्रदर्शनकारी बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने भजनपुरा चौराहे के पास यमुना विहार के सामने मेन वजीराबाद रोड बंद किया है।