
इंदौर| शरीर का कोई अंग शरीर से अलग हो जाए तो उसे जोड़ना मेडिकल साइंस में चुनौती होती है, लेकिन इंदौर के एक निजी अस्पताल के डाक्टरों ने इस चुनौती को स्वीकारा और उससे पूरा भी किया|उज्जैन के युवक का कटा हाथ का पंजा डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन कर छह घंटे में जोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उज्जैन में किसी समारोह में विवाद के दौरान युवक पर किसी ने तलवार से हमला कर दिया था।
घटना के लगभग चार घंटे बाद रात तीन बजे युवक को अस्पताल लाया गया। डॉ. दास के मुताबिक युवक की स्थिति देख उसका उसी समय ऑपरेशन करना जरूरी था। ऑपरेशन में सबसे बड़ी समस्या थी देरी के कारण मरीज का काफी खून बहना और कटे हुए पंजे को गलत तरीके से लाना। इसलिए मुश्किल और भी बढ़ गई थी। हमने पूरी टीम तैयार की और तुरंत ऑपरेशन शुरू किया।
खून ज्यादा बहने से युवक का ब्लड प्रेशर स्थिर नहीं हो रहा था। ऐसे में उसे अधिक समय तक बेहोश रखने में जान का खतरा हो सकता था, इसलिए दो हिस्सों में ऑपरेशन करने का निर्णय लिया गया।
पहले दिन सिर्फ दोनों आर्टरी और नसों को जोड़ा गया। घायल को रिकवर होने के लिए एक हफ्ते का समय दिया गया। फिर दूसरे हिस्से में हाथ को चलने के लिए जरूरी चमड़ी के नीचे का हिस्सा जोड़ा गया। फिलहाल युवक पूरी तरह स्वस्थ है और उसके हाथ को आराम देने के लिए प्लास्टर लगाया गया है।
