Tuesday, September 23

चीन ने नए नक्शे में अरूणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बड़े हिस्से पर जताया अपना हक

6093_untitled-4नईदिल्ली। चीन ने सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर उकसावे वाला कदम उठाया है। चीन ने एक नया नक्शा जारी कर अरूणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के एक बड़े हिस्से पर अपना दावा जताया है। यह नक्शा अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन पोस्ट में प्रकाशित हुआ है। नक्शा ऐसे समय में सामने आया है जब उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी चीन की यात्रा पर हैं।
नक्शा से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी: चीन की इस गुस्ताखी का जवाब देते हुए भारत ने इसे बेवजह की कोशिश करार दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने कहा, मानचित्र में बदलाव से जमीनी हकीकत नहीं बदल सकती। अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है और हमने यह बात हर मौके पर चीन सरकार के सामने जाहिर की है। इस मामले में कोई समझौता नहीं होगा। ये दावा बेबुनियाद है और इस संबंध में पड़ोसी देश से बात की जाएगी।
मोदी सरकार आने के बाद चीन का उकसावे वाला पहला कदम: चीन इससे पहले भी अरूणाचल प्रदेश पर अपना दावा जताता रहा है, जिसे लेकर कई बार द्विपक्षीय संबंधों में तल्खी आ चुकी है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदी की अगुवाई वाली सरकार आने के बाद यह पहला मौका है, जब चीन ने विवादित नक्शा जारी किया है।
वॉशिंगटन पोस्ट ने यह नक्शा जारी करते हुए इसे चीन की हिमाकत बताया है। शीर्षक से प्रकाशित खबर में कहा गया है कि चीन ने इस विवादित नक्शे के जरिए एक नए युद्ध की तैयारी कर ली है। हालांकि खबर में दक्षिण चीन सागर और विवादित दिआयु-सेनकाकू द्वीपों का उल्लेख किया गया है लेकिन भारत के हिस्से को भी शामिल किया गया है। बता दें कि इन दोनों द्वीपों और दक्षिण चीन सागर पर चीन का जापान से विवाद पुराना है।