भोपाल | मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में जंबूरी मैदान में शपथ ली राज्यपाल आनंदीबन पटेल ने कमलनाथ को मुख्यमंत्री के पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में कई औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधियों के अलावा कई नेताओं और संतों ने भी भाग लिया। मप्र में 15 साल बाद कांग्रेस सत्ता में लौटी है।खुले मैदान में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में करीब एक लाख लोग जुटे। 25 हजार आमंत्रण कार्ड के अलावा कांग्रेस पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए खुला आमंत्रण भी दिया था। वही राजस्थान के 22वें मुख्यमंत्री के रूप में अशोक गहलोत ने शपथ ली। राज्यपाल कल्याण सिंह ने उन्हें शपथ दिलाई। इसी के साथ वह राज्य के तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। उनके साथ सचिन पायलट ने भी शपथ ली। वह राजस्थान के उपमुख्यमंत्री नियुक्त किए गए हैं। सचिन पायलट ने मंत्री पद की शपथ ली क्योंकि उप मुख्यमंत्री पद का कोई उल्लेख संविधान में नहीं है, इसलिए उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। मंत्रिमंडल का फैसला बाद में राहुल गांधी के परामर्श से होगा।