उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि फैजाबाद का नाम अब अयोध्या होगा। छोटी दीपावली के मौके पर दीपोत्सव में शामिल होने आए सीएम योगी ने कहा की – अयोध्या हमारी आन-बान-शान है और इसकी पहचान भगवान राम से होती है इसलिए जनपद फैजाबाद का नाम भी आज से अयोध्या होगा। योगी ने इसके साथ ही दशरथ के नाम पर मेडिकल कॉलेज और श्रीराम के नाम पर एयरपोर्ट बनाने का भी ऐलान किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा, अयोध्या और कोरिया के रिश्ते 2000 साल पुराने हैं। तब अयोध्या की राजकुमारी से कोरिया के राजकुमार का विवाह हुआ था।
अयोध्या में दोपहर 12 बजे शोभायात्रा निकाली गई। इसमें भगवान राम के जीवन से जुड़ी झांकियां दिखाई गईं। रामकथा पार्क में शाम को राम और सीता के पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने फूल माला पहनाकर भगवान राम का स्वागत किया। शाम को सरयू की आरती हुई और फिर दीपोत्सव का कार्यक्रम हुआ। वॉलंटियर्स ने 3 लाख दीपों से राम की पैड़ी को रोशन किया|