प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता भी थे मौजूद
भोपाल। विधानसभा सचिवालय में नियम विरुद्ध नियुक्तियों के मामले में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपना पक्ष रखने के लिए गुरुवार को जहांगीराबाद थाने पहुंचे। उनके साथ उनके सैकड़ों समर्थकों के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव व पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कंट्रोल रूम को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
दिग्विजय के समर्थन में नारेबाजी कर रहे उनके समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच मामूली झड़प भी हुई। फिलहाल एसआईटी बंद कमरे में सिंह से पूछताछ कर रही है।
पूरे प्रदेश में चलाएंगे जेल भरो आंदोलन
दिग्विजय के साथ पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, अगर राजा साहब की गिरफ्तारी हुई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जेल भरो आंदोलन चलाएगी। वहीं, पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने कहा कि बदले की भावना से दिग्विजय सिंह पर कार्रवाई की जा रही है। हमारी पार्टी सिंह के साथ है।बयान दर्ज कराने भोपाल पहुंचे सिंह ने कहा कि राज्य सरकार से उनकी लड़ाई व्यक्तिगत है। पार्टी में किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैं बयान दर्ज कराने जाऊंगा, जिसे आना है आए। दिग्विजय ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान विधानसभा में कोई भी भर्ती अनियमित नहीं हुई। उनके फैसले में पूरी कैबिनेट की सहमति थी। यदि फैसला गलत था तो उस वक्त मुख्य सचिव से लेकर सचिव ने क्यों नहीं बताया?

