समान कार्य के लिए समान वेतन और छठवें वेतन आयोग के फैसले के अनुसार इसी साल से वेतनमान लागू कर उसकी पहली किस्त दी जाने की मांग अध्यापकों ने की। इस मांग को लेकर नेहरु चौक पर सोमवार को अध्यापकों ने धरना दिया और नारेबाजी की।
विधायक निशंक जैन भी दोपहर दो बजे धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अध्यापकों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि उनकी आवाज को विधानसभा तक पहुंचाएंगे। जरुरत पड़ी तो वे भी उनके साथ सडक़ों पर उतरने में कोई संकोच नहीं करेंगे।
शिक्षकों की हड़ताल से विकास खंड में 132 स्कूलों में पढ़ाई ठप है। बच्चों की तिमाही परीक्षाएं नहीं हो पा रही हैं। छात्र व छात्राओं की पढ़ाई नहीं हो पा रही हैं। इधर शिक्षक नेता परसराम दुबे ने कहा कि शिक्षकों के कारण ही शासन के हर कार्य और योजनाएं सफल होती हैं। शिक्षक सर्वे से लेकर चुनाव तक कराते हैं। हड़ताल को समर्थन देने शैलेंद्र सक्सेना, समाजसेवी जगदीश ऐलिया, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रियंका किरार भी पहुंची।