गुजरात की इंडस्ट्रियल सिटी जामनगर में गुरुवार को रिलायंस कंपनी में एक मजदूर की मौत के बाद हिंसा भड़क गई। मजदूर के साथी उसकी लाश को बाहर लाना चाहते थे, लेकिन मैनेजमेंट ने इसकी इजाजत नहीं दी। नाराज मजदूरों ने करीब 100 व्हीकल्स में आग लगा दी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक मजदूर की मौत की खबर है। इलाके में शुक्रवार को भी कर्फ्यू लगा है और कई प्लांट बंद हैं।
फोर्स तैनात
रिलायंस रिफाइनरी, कॉलोनी और आसपास के इलाको में पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस के साथ एसआरपी के जवानों की टुकड़ियां भी लगा दी गई हैं।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर 50 मजदूर ट्रक में बैठकर कंपनी से बाहर आ रहे थे। इसी दौरान एक मजदूर ट्रक से गिर गया और उसकी मौत हो गई। कंपनी के सिक्युरिटी गार्ड ने मजदूर की लाश बाहर निकालने की इजाजत नहीं दी। गार्ड ने मजदूरों से कहा कि ‘ऊपर से’ लाश बाहर न जाने देने के ऑर्डर दिए गए हैं। इससे उसके साथी भड़क गए। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को 35 राउंड फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक मजदूर की मौत और तीन के घायल होने की खबर है। मजदूरों की कॉलोनी में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
क्या कहना है कंपनी का
रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट परिमल नथवाणी ने बताया कि मजदूर की मौत हार्ट अटैक से हुई थी। अफवाह फैला दी गई कि उसकी मौत ट्रक से गिरकर हुई। कुछ लोग हिंसा करने लगे। करीब 300 व्हीकल्स में आग लगा दी गई। मेन रोड पर चक्काजाम भी किया गया।