Saturday, October 18

कोरोना का कहर, दिल्ली में कोविड से एक और मौत, संक्रमित मरीजों की संख्या में फिर इजाफा

भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) एक बार फिर तेजी से फैल रहा है। देश के कई बड़े शहरों और राज्यों में नए मामलों की संख्या बढ़ रही है, साथ ही मौतों का आंकड़ा भी चिंता बढ़ाने लगा है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 से पहली मौत की पुष्टि हुई है। 60 वर्षीय महिला जो पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं, उनका कोरोना से निधन हुआ है। इस घटना ने लोगों के बीच डर और सावधानी का माहौल पैदा कर दिया है।

दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति:

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के कोविड-19 डैशबोर्ड के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत हुई है। यह इस साल राजधानी में कोविड-19 से हुई दूसरी मौत है। मृतक महिला को पेट की सर्जरी के बाद आंतों की समस्या थी और वह कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई थीं। डैशबोर्ड के मुताबिक, 30 मई तक दिल्ली में कुल 294 नए कोविड मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से अकेले शुक्रवार को 77 नए मरीज मिले।

देशभर में कोविड मामलों में बढ़ोतरी

दिल्ली के साथ-साथ देश के कई अन्य हिस्सों में भी कोविड के मामलों में तेजी देखी जा रही है। खासतौर पर केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि ज्यादातर मामलों में लक्षण हल्के हैं और गंभीर बीमारी या मौत का जोखिम कम है।

ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए स्वरूपों का फैलाव

वैश्विक स्तर पर कोविड मामलों की इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए रूप हैं। इनमें JN.1 वेरिएंट की शाखाएं LF.7 और NB1.8 प्रमुख हैं। JN.1, जिसे ‘पिरोला’ स्ट्रेन भी कहा जाता है, BA.2.86 वेरिएंट से निकला है और यह शरीर की मौजूदा इम्यूनिटी को पार कर सकता है। हालांकि इस नए वेरिएंट के लक्षण अब तक ओमिक्रॉन जैसे ही पाए गए हैं, लेकिन यह अधिक तेजी से फैलता है।

सक्रिय मामले और मौतों का आंकड़ा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, वर्तमान में देश में केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं, जिनकी संख्या 1147 है। इसके बाद महाराष्ट्र में 424 और दिल्ली में भी सक्रिय मामले बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटों में भारत में कोविड-19 से सात मौतें हुई हैं, जिनमें दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, पंजाब, कर्नाटक और तमिलनाडु शामिल हैं।