Monday, September 22

पहलगाम हमले के बाद बड़ा एक्शन: 6 आतंकियों के घर गिराए, 500 से ज्यादा बांग्लादेशी हिरासत में

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कह दिया है कि इन आतंकवादियों को चुन-चुनकर मारेंगे। भारतीय सेना भी पूरी तरह एक्शन में है। पहलगाम हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों और उसका सहयोग करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। घाटी में अब तक 6 आतंकवादियों के घरों को ध्वस्त कर दिया है। वहीं, देशभर में बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का एक्शन जारी है। घाटी में अब तक 6 आतंकियों को घरों का गिराया दिया गया है। सेना ने शोपियां-पुलवामा-कुलगाम में लश्कर आतंकियों के घर ध्वस्त दिया है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में सेना और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे सकती है।

पहलगाम में हुई आतंकवादी वारदात के बाद पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी कर रहा है। बीते दो दिनों से पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। पाकिस्तानी सैन्य चौकियों से की गई इस फायरिंग का भारत की सेना ने सख्त जवाब दिया है। सेना ने इस मामले में बताया कि 25-26 अप्रैल की रात को कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी सेना की विभिन्न चौकियों से फायरिंग की गई। यह फायरिंग बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से की गई। भारतीय सैनिकों ने छोटे हथियारों से इस गोलीबारी का उचित जवाब दिया। सेना के मुताबिक इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले शुक्रवार को भी नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई थी। शुक्रवार को भी यह फायरिंग पाकिस्तान द्वारा शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया था।

चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर पहुंचे। सेना प्रमुख की यहां कई महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। सेना प्रमुख ने उपराज्यपाल से मुलाकात की। आर्मी चीफ ने राज्य के पुलिस महानिदेशक से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। सेना प्रमुख ने सेना की उत्तरी कमान के चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार, सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा और 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव के साथ सैन्य तैयारियों का निरीक्षण भी किया।

गुजरात पुलिस ने घुसपैठियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद और सूरत में 557 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने चंडोला क्षेत्र में 457 घुसपैठियों को पकड़ा, जबकि सूरत पुलिस ने विभिन्न इलाकों में 100 से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। इनके खिलाफ पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद इन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि यह अभियान गृह राज्य मंत्री, डीजीपी और पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाया गया। पहले की जांच में पकड़े गए 127 बांग्लादेशी नागरिकों में से 70 को डिपोर्ट किया जा चुका है।